उपमुख्यमंत्री ने खंड विकास अधिकारियों में भरा जोश,एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन

लखनऊ : लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हाल में सोमवार को एक दिवसीय खण्ड विकास अधिकारी सम्मेलन का आयोजन ग्राम्य विकास विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की ।  कार्यशाला में 826 विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों ने शिरकत की और दो चरणों मे यह कार्यक्रम भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। सर्वप्रथम माननीय उपमुख्यमंत्री जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।  इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, अपर मुख्य सचिव हिमांशु कुमार और आयुक्त  जीएस प्रियदर्शी व उपायुक्त अखिलेश कुमार सिंह मौजूद रहे। तदोपरांत अपर मुख्य सचिव हिमांशु कुमार के द्वारा उपमुख्यमंत्री  को पुष्पगुच्छ मोमेंटो देकर उनका स्वागत किया गया। वहीं राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के पहले चरण में 
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन से कार्यशाला में पहुंचे खंड विकास अधिकारियों में जोश भरा और कई संकल्प दिलाए। सफल आयोजन को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में ही यह घोषणा कर दी कि अब प्रत्येक वर्ष 4 सितंबर के दिन खंड विकास अधिकारी दिवस मनाया जाएगा और इसी तरह प्रदेश स्तर पर खंड विकास अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा । जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड विकास अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब गांव का विकास सर्वांगीण रूप से होगा तभी देश का विकास होगा।आम जनमानस की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए खंड विकास अधिकारी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी की तरह अब स्मार्ट विलेज की भी चर्चा लोग कर रहे हैं क्योंकि गांव में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का ग्राम्य विकास विभाग जिस तरह से कार्य कर रहा है उस तरह से यह संभव हो पाया है कि पूर्व में चिन्हित किए गए 100 पिछड़े ब्लॉक अब विकास की मुख्य धारा में आ गए हैं। संबोधन के साथ उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को संकल्प दिलाया कि अब इसी तरह वह अपने ब्लॉक के 10 ग्राम सभाओं को चिन्हित करें जो सर्वश्रेष्ठ है और फिर 10 ग्राम सभाओं को चिन्हित करें जो पिछड़ी हुई है और उनको भी विकास की मुख्य धारा में लाने का कार्य करें।खंड विकास अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा की राष्ट्रीय योजनाओं को घर-घर तक पहुंचने का कार्य खंड विकास अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।उत्तर प्रदेश का ग्राम्य विकास विभाग गरीबों की और गांव की सेवा करने का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म है उन्होंने कहा की विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्य से ही प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वप्न को साकार किया जा सकता है। विभाग द्वारा लगातार कराए जा रहे ब्लॉक प्रमुख और बी डी ओ सम्मेलन की बदौलत ही समस्याओं का सबसे तेजी से निचले स्तर पर ही समाधान हो रहा है।उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को संकल्प दिलाया कि किसी भी तरह ब्लॉक को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पात्र है किसी योजना के लिए तो उसको बिना पर्याप्त साक्ष्य के अपात्र न घोषित किया जाए। विभाग का ग्राम चौपाल कार्यक्रम सबसे बेहतरीन कार्य में से एक है क्योंकि आज तक किसी भी अभियान के इतनी जल्दी सफल परिणाम नहीं मिले हैं। वहीं उन्होंने ग्राम चौपाल के आयोजन से दो दिन पहले अनिवार्य रूप से स्वच्छता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है क्योंकि ग्राम स्वच्छ तो भारत स्वच्छ। अपने संबोधन में अमृत सरोवर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की अमृत सरोवर योजना में विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया है लेकिन यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किस तरह से अमृतसरोवर में जल की उपलब्धता रहे और अमृत वाटिका में वृक्ष न सूखे क्योंकि अगर कोई वृक्ष सूखा तो वह वृक्ष नहीं वहां का खंड विकास अधिकारी सूखा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से पूर्व तालाब पर कब्जे हो गए थे लेकिन इस सरकार ने तालाबों को कब्जा मुक्त कराया,विलुप्त हो रही नदियों को पुनर्जीवित कराया, वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी वन विभाग के बाद सबसे ज्यादा वृक्षारोपण ग्राम्य विकास विभाग ने किया है। मंच से ही खंड विकास अधिकारियों से कहा कि दिव्यांग की सेवा करना भगवान की पूजा करने की तरह है इसलिए कैंप लगाकर दिव्यांगों की मदद करें ,अभियान चला कर दिव्यांगों की मदद करें इसके साथ ही लाभार्थियों का नाम सार्वजनिक किया जाए इसके लिए बाकायदा पंचायत भवन पर सूची चस्पा की जाए जिससे सरकार की योजनाओं के विषय में आम जनमानस को और अधिक जानकारी हो सके। विभाग द्वारा चलाई जा रही ग्राम चौपाल में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। संबोधन के अंत में उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खंड विकास अधिकारियों के बीच सम्मान प्राप्त करने की होड़ हो जिससे अगले वर्ष इसी दिन खंड विकास अधिकारियों को सम्मानित किया जाए और गांव का भी विकास संभव हो सके। इसके लिए उन्होंने खंड विकास अधिकारियों से कहा कि वह ग्रामीणों से भी सुझाव मांगे, स्वच्छता के अभियान को मीडिया से साझा करें और हर हालत में ब्लॉक में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाएं। संबोधन केंद्र में उन्होंने सखियों का भी जिक्र किया और कहा कि अब प्रदेश सखियों को लखपति दीदी बनाएगा खंड विकास अधिकारियों ने कुछ मांगे माननीय उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी जिस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को आश्वासन दिया कि आप खंड विकास अधिकारियों को स्टेनो उपलब्ध कराए जाएंगे सभी जायज मांगों को पूरा किया जाएगा उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश बड़े पैमाने पर तीर्थ स्थलों का विकास हुआ है देश के कोने-कोने से लोग उत्तर प्रदेश में आ रहे हैं ऐसे में जिलों को आदर्श बनना होगा ताकि तीर्थ स्थल पर पहुंचे लोग वहां के अमृत सरोवर पर जाकर सेल्फी लें। 

खण्ड विकास अधिकारियों को किया गया सम्मानित

ग्राम्य विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक बेहतर तरह से क्रियान्वयन करने के चलते प्रदेश के 75 खंड विकास अधिकारियों को सम्मानित किया गया। जिसमें से 10 खण्ड विकास अधिकारियों को माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया वहीं अन्य को विभाग द्वारा प्रशस्तिपत्र उपलब्ध कराया गया। 

वहीं इसी के साथ माननीय राज्य मंत्री ग्राम्य विकास उत्तर प्रदेश ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी द्वारा जन कल्याणकारी कई योजनाएं लाई गई हैं जिनको ग्रामीणों को उपलब्ध कराएं। वहीं सभी खण्ड विकास अधिकारी उस तरह से अपने ब्लॉक को देखें जैसे एक जिलाधिकारी अपने जिले को देखकर विकास करता है। उन्होंने लखीमपुर खीरी में बने अमृत सरोवर की प्रशंसा की और उसी तर्ज पर सभी जगह अमृत सरोवर बनवाने का आग्रह भी किया। 


वहीं अपर मुख्य सचिव हिमांशू कुमार ने माननीय उप मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद देते हुए ।  बताया की माननीय द्वारा हर वक्त विभाग को मार्गदर्शन मिलता रहता है जिससे विभाग द्वारा कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं। ग्राम्य विकास विभाग देश मे कई योजनाओं में पहले स्थान पर भी आ चुका है। उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुनकर उसके निस्तारण का आश्वासन भी दिया। 

वहीं दूसरे चरण में पीपीटी के माध्यम से सभी अधिकारियों ने खण्ड विकास अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उनकी प्रगति रिपोर्ट ली । वहीं ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त गौरी शंकर प्रियदर्शी जी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया।

0 Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Get Newsletter

Advertisement